33 Views
बराक घाटी के तीन जिलों में दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मेगा शिविर
शिलचर, 29 मई : CRC गुवाहाटी के पहल तथा सक्षम संस्था के सहयोग से बराक घाटी के तीन जिलों में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष मेगा शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में दिव्यांग व्यक्तियों के साथ-साथ 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के अंतर्गत विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
शिविर में दिव्यांगजनों के लिए UDID कार्ड एवं विकलांगता प्रमाणपत्र हेतु नामांकन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिनके पास अभी तक विकलांगता प्रमाणपत्र नहीं है, वे शिविर स्थल पर ही मेडिकल बोर्ड की उपस्थिति में आवेदन कर सकेंगे।
80 प्रतिशत या उससे अधिक अस्थि बाधित (Locomotor Disability) दिव्यांगजनों को विद्युत चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए UDID कार्ड, आधार कार्ड तथा आय प्रमाणपत्र आवश्यक होगा। मासिक आय ₹22,500 से कम होना अनिवार्य है।
इसके अलावा 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाणपत्र रखने वाले लाभार्थियों को श्रवण यंत्र (कानों की मशीन) एवं व्हीलचेयर प्रदान की जाएगी। इसके लिए भी UDID कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाणपत्र साथ लाना होगा।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को भी निःशुल्क श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर आदि सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। योजना का लाभ लेने हेतु आधार कार्ड एवं आय प्रमाणपत्र अनिवार्य रहेगा तथा मासिक आय ₹22,500 से कम होनी चाहिए।
शिविर की तिथियां एवं स्थान :
• 31 मई — हाइलाकांदी, ऑडिटोरियम हॉल, एस. एस. कॉलेज
• 02 जून — श्रीभूमि, GNM नर्सिंग इंस्टीट्यूट, सिविल अस्पताल
• 4 जून — शिलचर, मेहरपुर समाज कल्याण कार्यालय
आयोजकों ने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।





















