28 Views
उच्च माध्यमिक परीक्षा परिणाम घोषित : उधारबंद के विद्यालयों में मिला-जुला प्रदर्शन, शिक्षा सदन में शत-प्रतिशत सफलता
उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। कछार जिले के उधारबंद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में इस वर्ष मिश्रित प्रदर्शन देखने को मिला, जबकि उधारबंद शिक्षा सदन हातियार सेकेंडरी स्कूल ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
उधारबंद डीएनएचएस स्कूल में कला संकाय से कुल 282 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 128 परीक्षार्थी सफल रहे। इनमें 46 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 54 ने द्वितीय श्रेणी तथा 28 ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की।
विज्ञान संकाय में 47 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 35 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इनमें 13 ने प्रथम श्रेणी, 20 ने द्वितीय श्रेणी तथा 2 ने तृतीय श्रेणी हासिल की।
वहीं, उधारबंद शिक्षा सदन हातियार सेकेंडरी स्कूल ने उत्कृष्ट परिणाम दर्ज करते हुए शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की। विज्ञान संकाय में 4 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 1 ने प्रथम श्रेणी तथा 3 ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। कला संकाय में भी 3 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे और सभी सफल रहे। विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुल 7 लेटर अंक भी हासिल किए।
विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम आने पर पूरे स्कूल परिसर में खुशी का माहौल देखा गया। शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण को इस सफलता का मुख्य आधार बताया।




















