उधारबंद में अनाथ युवती की जमीन कब्जाने और जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
1 जून तक का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद :
उधारबंद थाना क्षेत्र के पान ग्राम जीपी प्रथम खंड में रहने वाली अनाथ युवती दयावती मुंडा की जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने और उस पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हिंदू रक्षी दल के कार्यकर्ता मिठुन नाथ ने पुलिस को 1 जून तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि तय समय के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।
शुक्रवार को मिठुन नाथ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उधारबंद थाना के प्रभारी एस.एस. तिमुंग से मुलाकात कर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पितृ-मातृहीन युवती दयावती मुंडा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उसकी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है।
मिठुन नाथ ने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग के बावजूद आरोपी जमीन पर लगाए गए पिलरों को उखाड़कर ले गए, जो गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले के पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों और राजनीतिक संरक्षण का हाथ है। उनके अनुसार आरोपी राजनीतिक दलों के कार्यालयों में बैठकर साजिश रच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग आरोपियों को संरक्षण दे रहे हैं, वे भी समान रूप से दोषी हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर रास्ता अवरोध (रोड ब्लॉक) आंदोलन भी किया जाएगा।
इस दौरान थाना प्रभारी एस.एस. तिमुंग ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मुख्य आरोपी साहिल आलम बड़भुइया को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष आरोपी भी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।





















