21 Views
कछार में भाजपा का ऐतिहासिक विजय अभियान, 6 सीटों पर प्रचंड जीत

बराक घाटी में फिर लहराया भगवा, कई दिग्गजों ने रिकॉर्ड मतों से दर्ज की जीत
शिलचर, 4 मई 2026। असम विधानसभा चुनाव में कछार जिले की छह विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक और एकतरफा रिकॉर्ड विजय दर्ज कर राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल दिए। भाजपा प्रत्याशियों ने भारी मतों के अंतर से जीत हासिल कर जिले में पार्टी की मजबूत पकड़ को फिर साबित किया।
सबसे बड़ी जीत कौशिक राय ने लखीपुर विधानसभा सीट से दर्ज की। 16वें राउंड की मतगणना के बाद उन्हें 1,24,566 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शांति कुमार सिंह को 25,658 मत मिले। कौशिक राय ने 98,908 मतों के भारी अंतर से ऐतिहासिक जीत हासिल की। बराक घाटी के प्रभावशाली नेता और राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री के रूप में यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है।
धोलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अमिय कांति दास ने लंबे राजनीतिक संघर्ष के बाद पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। 18वें राउंड के बाद उन्हें 99,760 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस के ध्रुवज्योति पुरकायस्थ को 55,819 मत मिले। अमिय कांति दास ने 43,941 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की।
उधारबंद सीट से भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला ने भी रिकॉर्ड जीत हासिल की। 17वें राउंड के बाद उन्हें 1,02,553 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस के अजीत सिंह को 47,158 मत मिले। पूर्व विधायक और श्रमिक नेता राजदीप ग्वाला ने 55,395 मतों के विशाल अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा समर्थकों में उत्साह भर दिया।
शिलचर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद राजदीप राय ने कांग्रेस के अभिजीत पाल को 53,244 मतों से पराजित किया। 22वें राउंड के बाद डॉ. राजदीप राय को कुल 1,09,698 मत प्राप्त हुए, जबकि अभिजीत पाल को 56,454 मत मिले। शिलचर में भाजपा की यह जीत पार्टी संगठन के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
बड़खोला विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी किशोर नाथ ने अप्रत्याशित रूप से बड़ी बढ़त बनाते हुए कांग्रेस के डॉ. अमित कलवार को पीछे छोड़ दिया। 19वें राउंड के बाद किशोर नाथ को 1,02,185 मत तथा डॉ. अमित कलवार को 65,902 मत प्राप्त हुए। किशोर नाथ 36,283 मतों के अंतर से विजय की ओर अग्रसर रहे।
काठीघोड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कमलाक्ष दे पुरकायस्थ ने लगातार अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी। 21वें राउंड के बाद उन्हें 1,08,882 मत मिले, जबकि कांग्रेस के अमरचंद जैन को 72,496 मत प्राप्त हुए। कमलाक्ष दे पुरकायस्थ ने 36,386 मतों की बढ़त के साथ जीत सुनिश्चित कर ली।
कछार जिले की सभी छह सीटों पर भाजपा की इस प्रचंड सफलता को बराक घाटी में पार्टी के जनाधार और संगठनात्मक मजबूती का बड़ा संकेत माना जा रहा है। चुनाव परिणाम सामने आते ही विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया, मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया।
















