37 Views
जाटिंगा नदी के कटाव से बड़खोला पुराना बाजार में तबाही का खतरा, 35 परिवारों पर मंडरा रहा संकट
चंद्रशेखर ग्वाला बड़खोला,18 मई: काछार जिले के बड़खोला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बड़खोला पुराना बाजार स्थित विसर्जन घाट के समीप जाटिंगा नदी का कटाव लगातार भयावह रूप लेता जा रहा है। नदी किनारे बसे कई घर ढहकर नदी में समाहित होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इस गंभीर स्थिति के कारण लगभग 35 परिवारों का जीवन खतरे में पड़ गया है।
हाल ही में हुई लगातार तेज बारिश के बाद जाटिंगा नदी की जलधारा और अधिक उग्र हो गई, जिससे नदी किनारे की सैकड़ों मीटर लंबी सड़क बह गई। सड़क ध्वस्त होने से इलाके के लोगों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र कटावरोधी उपाय नहीं किए गए, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वे लंबे समय से इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाते आ रहे हैं, लेकिन अब तक किसी ने उनकी समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। लोगों ने पूर्व विधायक मिस्बाहुल इस्लाम लस्कर पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कई बार सिलचर स्थित उनके आवास पर भी गए थे, परंतु उनकी शिकायतों को अनसुना कर दिया गया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उन्होंने कई बार खंड विकास अधिकारी को लिखित आवेदन देकर कटाव रोकने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है। आज बरखोला गांव पंचायत के सदस्य तनंजय चक्रवर्ती ने घटनास्थल का दौरा किया और इस विषय को नवनिर्मित विधायक किशोर नाथ से फोन पर बात भी किया।
क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर कटाव प्रभावित इलाके में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने की मांग की है।





















