फॉलो करें

जिरीघाट में पुलिस एनकाउंटर : कुख्यात ड्रग्स माफिया ढेर, एक पुलिस जवान घायल

13 Views
शिलचर, 14 मई।
कछार जिले के जिरीघाट क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और ड्रग्स तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात ड्रग्स माफिया मारा गया, जबकि एक पुलिस जवान घायल हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में कछार के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार शइकिया ने मामले की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिरीघाट के समीप बोमापुंजी इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं एसपी संजीव कुमार शइकिया कर रहे थे। अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य सईलुन डोंगेल को गिरफ्तार करना था।
पुलिस के अनुसार, सईलुन डोंगेल मूल रूप से मणिपुर का निवासी था और उसके एक उग्रपंथी संगठन से संबंध होने के संकेत भी प्रारंभिक जांच में मिले हैं। पुलिस ने दावा किया कि 5 मई को असम-मणिपुर सीमा पर चलाए गए ड्रग्स विरोधी अभियान के दौरान पुलिस पर हुए हमले में भी वही मुख्य आरोपी था। उस घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ था।
बताया गया है कि बुधवार रात जब पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया, तब सईलुन डोंगेल ने पुलिस पर गोलीबारी करते हुए भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह मौके पर ही मारा गया।
मुठभेड़ के दौरान नवजीत तांती नामक एक पुलिस जवान गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
एसपी संजीव कुमार शइकिया ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रग्स तस्करी और उग्रपंथी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “मादक पदार्थों के कारोबार और सशस्त्र अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
घटना के बाद जिरीघाट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल