धोलाई में कार्यकर्ताओं को किया उत्साहित, संकल्प पत्र को लेकर घर-घर पहुंचने का आह्वान—अमिय कांती दास
प्रतिनिधि, धोलाई, 31 मार्च: आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र धोलाई विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमिय कांती दास ने अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में नरसिंहपुर में आयोजित ‘पृष्ठ प्रमुख सम्मेलन’ में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के संकल्प पत्र को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद परिमल शुक्ल वैद्य सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी का संकल्प पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, भूमि अधिकार, कृषि विकास और चाय बागान श्रमिकों के कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।
अमिय कांती दास ने अपने संबोधन में कहा कि यह संकल्प पत्र केवल वादों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन स्तर को सुधारने का एक ठोस रोडमैप है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों के बारे में जागरूक करें।
इसके बाद उन्होंने राजनगर क्षेत्र में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के समग्र विकास का भरोसा दिलाया।





















