बराक घाटी में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में हिंदू युवा छात्र परिषद की अपील, विकास और राष्ट्रवाद को बताया प्राथमिकता
काछार, 07 अप्रैल। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हिंदू युवा छात्र परिषद की कछार जिला समिति ने बराक घाटी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से मूल्यवान वोट देने की अपील की है। परिषद ने साथ ही भाजपा प्रत्याशियों से विजय प्राप्त कर क्षेत्र में विकास की निरंतर धारा बनाए रखने का आग्रह भी किया।
सोमवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में परिषद की ओर से बताया गया कि राष्ट्रवादी विचारधारा, अखंड भारतीय संस्कृति तथा सांप्रदायिक सौहार्द को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह समर्थन दिया जा रहा है। परिषद का मानना है कि असम को सांप्रदायिक हिंसा से मुक्त रखते हुए विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की नीतियां उपयुक्त हैं।
परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष नीतिश भट्टाचार्य ने बताया कि समर्थन के साथ-साथ ‘भारत माता’ की अखंडता और देश की संप्रभुता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारतीय जनता पार्टी के समक्ष दस सूत्रीय मांग-पत्र भी प्रस्तुत किया गया है।
पत्रकार सम्मेलन में अन्य प्रमुख उपस्थितियों में बराक घाटी के संगठनात्मक सचिव सुब्रत नाथ, कछार जिला समिति के अध्यक्ष राजदीप दे सरकार, जिला महासचिव मनोमंगल नाथ, प्रचार सचिव राजू दे, महिला शाखा की अध्यक्ष शर्मिला पाल विश्वास तथा नमिता दास सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




















