फॉलो करें

बराक घाटी में महिला क्रिकेट को मिला नया आयाम, सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न

43 Views

बराक घाटी में महिला क्रिकेट को मिला नया आयाम, सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न

वरुण देवता की कृपा एवं जिला क्रीड़ा संघ के विशेष सहयोग से हिंदी व बांग्ला समाचार माध्यम बराक वार्ता द्वारा आयोजित अंतर-बराक महिला चैलेंजर्स क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले शिलचर जिला क्रीड़ा संघ के मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

पहले मुकाबले में बदरपुर वुमेन्स रॉकर्स और लक्षीपुर वुमेन्स फाइटर्स के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए बदरपुर टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 47 रन बनाए। जवाब में लक्षीपुर वुमेन्स फाइटर्स ने 9.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया। हालांकि, दो मैचों में केवल 2 अंक होने के कारण लक्षीपुर टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। लक्षीपुर की खिलाड़ियों ने बेहतर फील्डिंग का प्रदर्शन किया, जबकि बदरपुर टीम अतिरिक्त रन और कमजोर गेंदबाजी के कारण मैच गंवा बैठी।

दूसरे मुकाबले में हाइलाकांदी वुमेन्स फाइटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिलचर डीएसए जूनियर वुमेन्स टीम को 8 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हाइलाकांदी टीम ने 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 74 रन बनाए। जवाब में शिलचर की टीम 9.1 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 36 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ हाइलाकांदी टीम ने लगातार दो मैच जीतकर 4 अंक अर्जित किए और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

दिन के तीसरे और अंतिम मुकाबले में बदरपुर वुमेन्स रॉकर्स की टीम मात्र 17 रन पर सिमट गई। जवाब में श्रीभूमि वुमेन्स स्मैशर्स ने 3.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 18 रन बनाते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में समाद्रिता साहा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 1 मेडन के साथ 4 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं रीता शर्मा ने 2 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट और अनुराधा दास ने 2 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट लेकर बदरपुर टीम की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया।

मैच के दौरान जिला क्रीड़ा संघ के कई गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कल सुबह 10 बजे खेला जाएगा, जिसमें श्रीभूमि वुमेन्स स्मैशर्स और हाइलाकांदी वुमेन्स फाइटर्स आमने-सामने होंगी। मौसम की स्थिति को देखते हुए मैच 10 या 15 ओवर का हो सकता है।

फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में कई विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजकों संजीव कुमार सिंह, राधारानी नाथ एवं अन्य सदस्यों ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

बराक घाटी में पहली बार आयोजित इस 6 टीमों की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में महिला क्रिकेट के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल