17 Views
बराक घाटी में स्थायी हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर उधारबंद कांचाकांति सेवा समिति ने भेजा स्मारक पत्र
उधारबंद, 8 मई : बराक घाटी में गौहाटी उच्च न्यायालय की एक स्थायी बेंच स्थापित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को एक बार फिर जोरदार तरीके से उठाया गया है। गुरुवार को उधारबंद कांचाकांति सेवा समिति की ओर से गौहाटी उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश के नाम डाक के माध्यम से एक स्मारक पत्र प्रेषित किया गया।
स्मारक पत्र में कहा गया है कि बराक घाटी के आम लोगों को न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए गुवाहाटी तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जो समयसाध्य और खर्चीला है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर तथा दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए यह स्थिति काफी कठिनाई उत्पन्न करती है। इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए बराक घाटी में गौहाटी उच्च न्यायालय की एक स्थायी बेंच स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है।
समिति ने यह भी कहा कि बराक घाटी की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए इस मांग को शीघ्र पूरा करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। इससे आम लोगों को न्याय प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा न्याय व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
उधारबंद कांचाकांति सेवा समिति की इस पहल का विभिन्न सामाजिक एवं बुद्धिजीवी वर्गों ने स्वागत किया है।





















