25 Views
बुधुराइल में असहाय बेटी की पैतृक संपत्ति पर कब्जे और जान से मारने की धमकी का आरोप, परिवार ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 26 मई: शिलचर के कटहल रोड स्थित बुधुराइल इलाके में एक असहाय बेटी और उसके परिवार ने पैतृक संपत्ति पर जबरन कब्जा करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है।
आज आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दिवंगत राम प्रसाद ग्वाला के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनकी पैतृक 6 बीघा जमीन में से 2 बीघा 8 कठ्ठा भूमि परिवार के दो भाइयों द्वारा पहले एक व्यक्ति को बेची गई थी। बाद में उक्त जमीन को हनुमान जैन नामक व्यक्ति ने खरीद लिया।
परिवार का आरोप है कि अब हनुमान जैन और उनके पुत्र हरिस जैन द्वारा शेष बची जमीन पर गुंडों के माध्यम से जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इतना ही नहीं, जमीन की सीमा पर लगाई गई बाड़ को भी तोड़ दिया गया। परिवार के सदस्यों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें बाकी जमीन मात्र 50 हजार रुपये में बेचने का दबाव बनाया गया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में परिवार ने हनुमान जैन और उनके पुत्र हरीश जैन के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर पुलिस के द्वारा परेशान किया जा रहा है, जबकि जमीन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। लगातार बढ़ते दबाव के कारण अब वे अदालत का दरवाजा खटखटाने और कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं।
पत्रकारों के माध्यम से परिवार ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वशर्मा, पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन तथा शिलचर के विधायक राजदीप राय से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।



















