मणिपुर के फेरजॉल जिले में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद, बड़ी साजिश नाकाम
मणिपुर के फेरजॉल जिले में सुरक्षा बलों ने एक बड़े खुफिया आधारित अभियान में भारी मात्रा में हथियार और युद्ध सामग्री बरामद कर संभावित बड़ी साजिश को विफल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स ने फेरजॉल पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए जिले के नगामपनुंग और फुलपुई क्षेत्र के बीच तलाशी अभियान संचालित किया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया।
बरामद सामग्री में सात देसी सिंगल बैरल बंदूकें, एक पिस्तौल, मैगजीन सहित एक .303 राइफल, दो पोम्पी, 32 पोम्पी बम, चार्जर सहित एक मोटोरोला संचार सेट तथा 51 मोर्टार राउंड शामिल हैं। हालांकि अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, 3 मई को मणिपुर हिंसा की वर्षगांठ को देखते हुए यह बरामदगी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल एनएच-37 तथा आसपास के इलाकों में अशांति फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से किया जा सकता था।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















