फॉलो करें

शिलचर के शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, ISBT क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने कुचला

23 Views
शिलचर के शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, ISBT क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने कुचला
शिव कुमार, शिलचर, 14 मई।
शिलचर के एक 53 वर्षीय शिक्षक की बुधवार सुबह ISBT क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरेश्वर भट्टाचार्य के रूप में हुई है, जो शिलचर के पब्लिक स्कूल रोड के निवासी थे। वह श्रीभूमि स्थित महार्षि विद्या मंदिर में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनके मौत के शोक में महर्षि विद्या मंदिर शिलचर और श्रीभूमि के विद्यालय एक दिन के लिए बंद कर दिए गए थे। दोनों ही विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षक कर्मचारियों ने शोक मनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीरेश्वर भट्टाचार्य प्रतिदिन की तरह बुधवार तड़के अपने कार्यस्थल श्रीभूमि जाने के लिए घर से निकले थे। सुबह लगभग 6:30 बजे वह शिलचर से ISBT क्षेत्र पहुंचे और वहां से आगे श्रीभूमि जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बीरेश्वर भट्टाचार्य के सिर और ऊपरी शरीर को गंभीर क्षति पहुंची। दुर्घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि दुर्घटना में किसी भारी वाहन, संभवतः ट्रक, की संलिप्तता हो सकती है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं।
इस हृदयविदारक घटना ने शिलचर शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से ISBT जैसे व्यस्त क्षेत्रों में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल