शिलचर के हॉस्पिटल रोड पर भीषण आग, कई दुकानें जलकर राख — लाखों का नुकसान
शहर के व्यस्त हॉस्पिटल रोड क्षेत्र में स्थित वेटेरिनरी अस्पताल के सामने मंगलवार तड़के एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटों में दो मोटरसाइकिल गैरेज, एक लेथ मशीन वर्कशॉप तथा एक पान की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये दुकानें काफी पुरानी और इलाके में जानी-पहचानी थीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक अधिकांश संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना में प्रभावित दुकानदारों ने अपनी आजीविका के एकमात्र साधन के नष्ट हो जाने पर गहरी पीड़ा व्यक्त की है और सरकार से शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।




















