शिलचर फुटबॉल रेफरी वेलफेयर कमिटी ने मनाई स्थापना की आठवीं वर्षगांठ, खेल जगत की हस्तियों को किया सम्मानित
प्रेरणा भारती
नीहार कांति राय, उधारबंद :
शिलचर फुटबॉल रेफरी वेलफेयर कमिटी ने शुक्रवार को उधारबंद स्थित नबारुण संघ क्लब भवन में अपनी स्थापना की आठवीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध क्रिकेट अंपायर ताज उद्दीन बड़ा भुइयां तथा पूर्व रेफरी एवं शिक्षाविद सूर्य कुमार शर्मा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समारोह की शुरुआत कमिटी के अध्यक्ष निर्मल कुमार भट्टाचार्य, महासचिव शैलेंद्र दास, मुख्य संरक्षक चंदन शर्मा, रेफरी किशोर भट्टाचार्य, खेल पत्रकार ताज उद्दीन बड़ा भुइयां तथा नबारुण क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार राय द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद केक काटकर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
उल्लेखनीय है कि कमिटी के अध्यक्ष निर्मल कुमार भट्टाचार्य ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल संचालन की योग्यता प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्मानित अतिथि ताज उद्दीन बड़ा भुइयां, वरिष्ठ खेल पत्रकार एवं खिलाड़ी प्राणबानंद दास, क्लब अध्यक्ष निर्मल कुमार राय, पूर्व रेफरी सूर्य कुमार शर्मा, मुख्य संरक्षक चंदन शर्मा तथा धनेश्वर सिंह ने वर्तमान पीढ़ी में खेलों के प्रति घटती रुचि पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं का खेलों से दूर होना खेल संस्कृति और प्रतिभा विकास के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।
समारोह में स्वागत भाषण महासचिव शैलेंद्र दास ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष निर्मल कुमार भट्टाचार्य ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन रेफरी किशोर भट्टाचार्य ने किया।
इस अवसर पर उधारबंद क्रीड़ा संस्था के पूर्व अध्यक्ष सुधांशु शेखर दास, राष्ट्रीय स्तर के रेफरी अब्दुल माजिद सहित अनेक खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















