शिलचर में पुलिस की बड़ी कामयाबी: रामनगर से पिस्तौल, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद, दो गिरफ्तार
शिलचर शहर में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कछार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामनगर स्थित एफसीआई रोड इलाके में विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक 9 एमएम पिस्तौल, पांच राउंड जिंदा कारतूस तथा एक ग्रेनेड बरामद किया है।
इस मामले में पुलिस ने लाइस्राम टिकेन मैतेई और मोनालिशा चानू नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हथियार और विस्फोटक बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया था। तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनके पास से हथियार और ग्रेनेड बरामद हुए।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। बरामद हथियारों का स्रोत, संभावित आपराधिक नेटवर्क तथा किसी बड़े षड्यंत्र से संबंध होने की संभावना को लेकर जांच जारी है।
घटना के बाद रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



















