30 Views
शिलचर स्पोर्टिंग क्लब के 90वीं वर्षगांठ समारोह के लिए कौशिक राय से मिला प्रतिनिधिमंडल
२९ मई, शिलचर : बराक घाटी के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित खेल संगठन शिलचर स्पोर्टिंग क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लक्षीपुर के नवनिर्वाचित विधायक तथा असम सरकार के पूर्व मंत्री कौशिक राय से उनके बड़सांगन स्थित आवास पर सौजन्य मुलाकात कर उन्हें गर्मजोशी के साथ शुभकामनाएं एवं अभिनंदन ज्ञापित किया। इस अवसर पर क्लब की ओर से विधायक को शिलचर स्पोर्टिंग क्लब के 90वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया।
मुलाकात के दौरान क्लब के अध्यक्ष डॉ. अनुप कुमार राय ने विधायक को बताया कि ब्रिटिश काल में स्थापित शिलचर स्पोर्टिंग क्लब इस वर्ष अपने गौरवशाली 90 वर्ष पूर्ण कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब अपने नौ दशक लंबे इतिहास को यादगार बनाने के उद्देश्य से भव्य आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ब्रिटिश शासनकाल में इंडिया क्लब के बाद शिलचर स्पोर्टिंग क्लब की स्थापना हुई थी तथा बाद में टाउन क्लब अस्तित्व में आया। ये तीनों क्लब आज भी बराक घाटी में खेल गतिविधियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विधायक कौशिक राय ने जब यह जाना कि शिलचर स्पोर्टिंग क्लब बराक घाटी का ब्रिटिश काल में स्थापित दूसरा सबसे पुराना खेल संगठन है, तब उन्होंने अत्यंत उत्साह के साथ क्लब के इतिहास, खेल मैदान की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध भूमि, आसपास के वातावरण तथा क्लब से जुड़े पुराने पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। लगभग 40 मिनट तक चली इस सौहार्दपूर्ण चर्चा में सिलचर के खेल जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान विधायक ने क्लब के विकास एवं खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, क्लब के पदाधिकारियों ने असम मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार में कौशिक राय के शामिल होने की आशा व्यक्त करते हुए उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
प्रतिनिधिमंडल में क्लब अध्यक्ष डॉ. अनुप कुमार राय के अलावा महासचिव सिद्धार्थ खान, उपाध्यक्ष निर्मल दास, कोषाध्यक्ष सत्यजीत दास, 90वीं वर्षगांठ स्वागत समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्य मूलचंद वैद, कार्यकारी समिति सदस्य सुदीप राय चौधरी तथा रामकृष्ण पाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।





















