66 Views
सोनाई विधायक करीम उद्दीन बरभुइया पर 4 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप, कांग्रेस प्रत्याशी अमीनुल हक लस्कर का बड़ा दावा
असम के सोनाई विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब कांग्रेस प्रत्याशी अमीनुल हक लस्कर ने वर्तमान विधायक करीम उद्दीन बरभुइया पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए।
रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में लस्कर ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान विधायक क्षेत्र विकास निधि (MLA Fund) के तहत करीब 4 करोड़ रुपये की भारी अनियमितता हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परियोजनाओं के लिए धन आवंटित किया गया, लेकिन या तो कार्य अधूरा छोड़ दिया गया या बिल्कुल शुरू ही नहीं किया गया।
लस्कर के अनुसार, कई मामलों में परियोजनाओं के नाम पर केवल 60 प्रतिशत राशि खर्च दिखाकर शेष धनराशि का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने एक विशेष उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही सड़क निर्माण कार्य के लिए अलग-अलग समय में कुल 17 लाख रुपये का आवंटन दिखाकर कथित रूप से धन की हेराफेरी की गई।
इसके अलावा, उन्होंने 2025-26 वित्तीय वर्ष की 75 लाख रुपये की पहली किस्त भी बिना किसी कार्य के निकाल लेने का गंभीर आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रत्याशी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि “जनता के टैक्स के पैसे की लूट का जवाब सोनाई की जनता इस बार मतदान के जरिए देगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लस्कर ने विधायक करीम उद्दीन बरभुइया की शैक्षणिक योग्यता पर भी सवाल उठाते हुए उनके एमबी (MB) सर्टिफिकेट की सत्यता की जांच की मांग की।
अब इस मुद्दे पर विधायक की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




















