51 Views
हाइलाकांदी में चुनावी तैयारियाँ अंतिम चरण में, पत्रकार सम्मेलन में जिलाधिकारी ने दी विस्तृत जानकारी
प्रीतम दास हाइलाकांदी, २९ मार्च:
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हाइलाकांदी जिले में प्रशासनिक तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। आज आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार सम्मेलन में जिलाधिकारी अभिषेक जैन ने चुनाव की समग्र तैयारियों, निर्धारित कार्यक्रम मतदाता आंकड़ों तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा हर स्तर पर कड़ी निगरानी और सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है।निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, इस वर्ष १६ मार्च को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई।२३ मार्च नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी जबकि २४ मार्च को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटिनी) पूरी की गई।२६ मार्च तक उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर दिया गया। आगामी ९ अप्रैल को मतदान होगा तथा ४ मई को मतगणना के बाद ६ मई तक संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि २३ मार्च २०२६ तक हाइलाकांदी जिले में कुल मतदाताओं की संख्या ४,९९,९८८ है। इनमें २,५९,०९७ पुरुष २,४०,८८९ महिला तथा २ तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार १२१हाइलाकांडी में २,२१,६२४२ और १२२ अलगापुर-काटलिचेरा में २,७८,३६४मतदाता हैं। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अतिरिक्त २००३ मतदाताओं को जोड़ा गया है।
नामांकन प्रक्रिया के संबंध में उन्होंने बताया कि १२१ हाइलाकांदी में १२ तथा १२२अलगापुर-काटलिचेरा में १५ उम्मीदवार अंतिम रूप से चुनाव मैदान में हैं। पूरी नामांकन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।मतदान केंद्रों और आधारभूत संरचना की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिले में कुल ५० महिला संचालित मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें ४० हाइलाकांदी और १० अलगापुर काटलिचेरा क्षेत्र में हैं। इसके अतिरिक्त २ मॉडल मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। स्ट्रॉन्ग रूम तथा मतदान सामग्री के प्रेषण एवं प्राप्ति केंद्र के रूप में सरकारी वी.एम.एच.एस. स्कूल को निर्धारित किया गया है।ईवीएम और वीवीपैट की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु २९ मार्च को रैंडमाइजेशन तथा ३१ मार्च को कमीशनिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन प्रक्रियाओं में राष्ट्रीय एवं राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। कानून व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर बोलते हुए अभिषेक जैन ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। एफएसटी और एसएसटी टीमों द्वारा अब तक ११,५२,२०० की नकदी जब्त की गई है। इस संबंध में जिला शिकायत समिति जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। इसके अलावा पुलिस आबकारी विभाग तथा अन्य निगरानी एजेंसियाँ लगातार सक्रिय हैं।उन्होंने यह भी बताया कि नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सी-विजिल ऐप और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है जिसके माध्यम से आम लोग आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत सीधे प्रशासन को दे सकते हैं।इसके साथ ही मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। प्रशिक्षण का दूसरा चरण २८ से ३० मार्च तक जारी है जबकि तीसरा और अंतिम चरण २ से ५ अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।पत्रकार सम्मेलन के अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त करते हुए कहा प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सभी मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान में भाग लेने की अपील करता हूँ। हम पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।समग्र रूप से देखा जाए तो हाइलाकांदी जिले में चुनावी तैयारियों की यह तस्वीर स्पष्ट करती है कि प्रशासन एक सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित चुनाव कराने के लिए पूरी तरह सजग और तत्पर है।




















