प्रेरणा भारती, होज़ाई, 30 अप्रैल:
होज़ाई जिले के जोरापुखुरी स्थित जिला सिविल अस्पताल में कल 29 अप्रैल को डे केयर कैंसर सेंटर (DCCC) का शुभारंभ किया गया, जो जिले में कैंसर उपचार सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला आयुक्त श्री देवा प्रसाद मिश्रा (IAS) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला आयुक्त बोनी अनम शादाब (ACS), ADC बिभूति हांडिक (ACS) सहित और ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. कबान तेरोंगपी अन्य प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सम्मान समारोह एवं कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं उपचार पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर होजाई जिला सिविल हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. बसुदेव मालाकार, उप अधीक्षक डॉ. सुब्रत बनिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक साबाना चौधरी, वरिष्ठ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. वेजोक्होटो फेसाओ (डिफू कैंसर सेंटर) अपनी टीम सहित उपस्थित रहे। इसके अलावा DPMU स्टाफ, अस्पताल कर्मी एवं ACCF होज़ाई की COP टीम के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उद्घाटन के साथ ही केंद्र में सेवाएं प्रारंभ कर दी गईं। इसी क्रम में 73 वर्षीय मरीज कुतुब उद्दीन, जो हेड एंड नेक कैंसर से पीड़ित हैं, को कीमोथेरेपी का दूसरा चक्र सफलतापूर्वक प्रदान किया गया, जिससे केंद्र की कार्यात्मक तैयारी का प्रदर्शन हुआ। यह केंद्र जिले के कैंसर मरीजों को उनके नजदीक ही सुलभ, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




















