होजाई, 18 मई। असम चाय जनजाति छात्र संस्था (आटसा) होजाई शाखा समिति के तत्वावधान तथा शंकर बस्ती उपशाखा समिति के सहयोग से रविवार को चाय जनजाति कला-संस्कृति विकास केंद्र भवन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026 की हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करने वाले होजाई जिले के 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राज्य स्तरीय अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आटसा होजाई शाखा के अध्यक्ष तुलाराम साहू, केंद्रीय खेल सचिव मनोज कुमार गौड़, कुमुराकाटा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष गोपाल चंद्र साहू, नगांव जिला समिति के अध्यक्ष पवित्र कुमार साहू, अरुणोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार साहू, डॉ. मार्टिना टुडू, डॉ. शिल्पी शिखा गौड़, सरकारी अधिवक्ता शताब्दी गौड़, शिक्षक तुलसी साहू, होजाई जिला चाय एवं आदिवासी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष देबेन तांती, भाजपा चाय जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष रमाकांत गौड़, सचिव जून साहू, सेवानिवृत्त शिक्षक हरि चरण टुडू, स्वपन कुमार बेचरा, पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद साहू, आटसा होजाई शाखा के सचिव अमप्रकाश गौड़, दिव्यज्योति महिला समिति की अध्यक्षा निर्मला तेली तथा संपादिका दिपाली गौड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सभी सफल छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन करें। समारोह का वातावरण उत्साह और खुशी से भरा रहा।





















