फॉलो करें

31 मई को शिलचर में जिला स्तरीय रवींद्र संगीत एवं रवींद्र नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी

14 Views
31 मई को शिलचर में जिला स्तरीय रवींद्र संगीत एवं रवींद्र नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी
शिलचर, 22 मई। गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर की 165वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 31 मई को शिलचर के गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला स्तरीय रवींद्र संगीत एवं रवींद्र नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन असम लिंग्विस्टिक माइनॉरिटी डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष कार्यक्रम का चौथा संस्करण आयोजित हो रहा है।
शुक्रवार को शिलचर संगीत विद्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कछार जिला समन्वयक भास्कर दास ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना तथा बराक घाटी में रवींद्र संगीत और रवींद्र नृत्य की समृद्ध परंपरा को संरक्षित एवं आगे बढ़ाना है। उन्होंने इस आयोजन के लिए होजाई के विधायक शिलादित्य देव के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. विभास देव ने बताया कि प्रत्येक जिले से चयनित 18 प्रतिभागियों को बाद में गुवाहाटी में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अप्रतिम नाग ने कहा कि आगामी 5 जून तक राज्य के सभी जिलों में प्रतियोगिताएं संपन्न कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संगठन के सदस्य संदीपन दत्त पुरकायस्थ ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष विमेन्स कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में लगभग 560 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था तथा इस वर्ष इससे भी अधिक भागीदारी की उम्मीद की जा रही है।
संवाददाता सम्मेलन में विनायक चौधरी, दीपक नाथ, डॉ. विभास देव, झिमली नाथ, अभ्रजीत चक्रवर्ती (झलक), अधिवक्ता जयदीप विश्वास, अनिमेष दे, परितोष चक्रवर्ती एवं प्रसेंजीत पाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता की कामना करते हुए क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल