फकीरटीला शिव मंदिर प्रांगण में स्वर्गीय दिनेश प्रसाद ग्वाला की 12वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
शिव कुमार शिलचर: बराक वैली के जनप्रिय नेता एवं असम सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय दिनेश प्रसाद ग्वाला की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज फकीरटीला शिव मंदिर प्रांगण में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में 2026 असम विधानसभा चुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमित कलवार ने स्वर्गीय ग्वाला के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बराक वैली के विकास के लिए उनका योगदान और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ग्वाला का सपना था कि बराक घाटी हर क्षेत्र में आगे बढ़े, और आज हम सभी का कर्तव्य है कि उनके अधूरे मिशन को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करें।
सभा के दौरान वक्ताओं ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए स्वर्गीय ग्वाला के व्यक्तित्व और उनके मानवीय पक्ष को याद किया। डॉक्टर अमित कलवार ने भावुक होकर बताया कि स्वर्गीय ग्वाला उन्हें अपने पुत्र के समान स्नेह देते थे। उन्होंने वर्ष 2008 की एक घटना को याद करते हुए कहा कि जब उनके पिता कैंसर से पीड़ित थे और वे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब स्वर्गीय ग्वाला ने आगे आकर उनकी मदद की थी। उनके प्रयासों से ही इलाज की प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ सकी। इस सहयोग को वे जीवनभर नहीं भूल सकते।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय ग्वाला की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में धर्मराज ग्वाला, जगदीश ग्वाला, सुरुजनाथ ग्वाला, श्याम सुंदर दुसाध, राजेश ग्वाला, लखन नूनिया, अनुज सिंह, बापन नूनिया, लाल बहादुर नूनिया, नित्य गोपाल देव, अमर तिवारी सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने एकजुट होकर बराक वैली के विकास और समाज की उन्नति के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।





















