विष्णु नगर गांव में मेधावी छात्रों का सम्मान, भगीनी निवेदिता क्लब की पहल
रामकृष्णनगर, 21 अप्रैल (गौतम सरकार):
भैरव नगर जीपी के अंतर्गत विष्णु नगर गांव में सोमवार को भगीनी निवेदिता क्लब की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विष्णु नगर, राखाल बस्ती और सोनाईछड़ा गांव के सीबीएसई एवं माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने वाले सात मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभी सफल विद्यार्थियों को उत्तरिय पहनाकर तथा उपहार सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन सात विद्यार्थियों ने प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी में कुल मिलाकर 10 लेटर अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

सम्मानित छात्र-छात्राओं में तंद्रा दास, पिनाकी दास, अमृत भूमिज, सुबीर दास, राज दास, शिवा दास एवं देवतोष दास शामिल हैं।
समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भैरव नगर जीपी के क्षेत्रीय पंचायत सदस्य सुधांशु दास, भगीनी निवेदिता क्लब की सचिव अर्पिता दत्ता राय, गांव की वरिष्ठ महिला नीला चौधरी, पूर्व शिक्षक तपन चंद्र दास, रूपुश्री दास, केदार भट्टाचार्य, स्वपन चक्रवर्ती, आशुतोष चक्रवर्ती सहित विद्यार्थियों के अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




















