रामकृष्ण नगर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 14 लाख रुपये नकद व सोने के आभूषण ले उड़े चोर
गौतम सरकार, रामकृष्ण नगर, 21 अप्रैल:
कुछ दिनों की शांति के बाद रामकृष्ण नगर में एक बार फिर चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। सोमवार दोपहर शहर के वार्ड नंबर-2 अंतर्गत कालीनगर पार्ट-2 में श्यामा वैद्य के घर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामा वैद्य की पत्नी झुमा वैद्य अपनी बड़ी बेटी के लिए दवा लेने बाजार गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और घर के भीतर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। अलमारी टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि एक बैग में रखे करीब 14 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण गायब हैं। चोर घर में घुसकर सारी नकदी और गहने लेकर फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। तत्काल रामकृष्ण नगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए और चोरी गया धन व गहने बरामद किए जाएं।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि पुलिस की नाक के नीचे लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इन्हें रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसी घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया, तो क्षेत्र में रहना मुश्किल हो जाएगा और उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से चोर गिरोह के खिलाफ व्यापक तलाशी अभियान चलाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




















