बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच की मांग तेज, ‘न्याय जनता के करीब’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शिलचर, 30 अप्रैल : बराक घाटी में अलग हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर गुरुवार को ए.के. चंद लॉ कॉलेज में “न्याय जनता के करीब” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बराक घाटी की भौगोलिक दूरी, बढ़ती जनसंख्या तथा न्यायिक मामलों के बढ़ते दबाव का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य अबू ताहेर तालुकदार के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि बराक घाटी के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए गुवाहाटी तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मुख्य वक्ता डॉ. विभास देव ने कहा कि गुवाहाटी हाईकोर्ट पर लगातार बढ़ रहे मामलों का दबाव कम करने के लिए बराक घाटी में स्थानीय बेंच की स्थापना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को सुलभ और त्वरित न्याय मिल सकेगा।
कार्यक्रम में दीपक कुमार देव, विष्णु देवनाथ, शांतनु नायक तथा धर्मानंद देव ने भी विभिन्न आंकड़ों और उदाहरणों के माध्यम से हाईकोर्ट बेंच की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बराक घाटी के लाखों लोगों के हित में न्यायिक व्यवस्था को क्षेत्र के निकट लाना अत्यंत जरूरी है।
सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को लेकर सामूहिक संकल्प भी लिया। पूरे कार्यक्रम का संचालन स्नेयांशु भट्टाचार्य ने किया, जबकि अंत में देवोमिता चक्रवर्ती ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को एक नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




















