रामकृष्ण नगर में भाजपा की प्रचंड जीत, तीसरी बार विधायक बने विजय मालाकार
94,189 वोटों के विशाल अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी सुरुचि राय को हराया
गौतम सरकार, रामकृष्ण नगर, 4 मई 2026 :
असम विधानसभा चुनाव 2026 में रामकृष्ण नगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विजय मालाकार ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए लगातार तीसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुरुचि राय को 94,189 मतों के भारी अंतर से पराजित किया।
सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के दौरान विजय मालाकार शुरू से ही बढ़त बनाए हुए थे। 20 राउंड की मतगणना समाप्त होने के बाद भाजपा प्रत्याशी विजय मालाकार को कुल 1,30,488 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुरुचि राय को 49,189 मत मिले।
जीत के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विजय मालाकार ने कहा कि रामकृष्ण नगर की जनता ने तीसरी बार उन पर विश्वास जताकर उन्हें आशीर्वाद दिया है, जिसके लिए वे क्षेत्र की जनता के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा तथा प्रदेश नेतृत्व का भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में पहली बार चुनाव लड़ते समय वे 24 हजार वोटों से जीते थे, दूसरी बार 46 हजार वोटों के अंतर से विजय प्राप्त हुई थी, जबकि इस बार जनता ने उन्हें लगभग 94 हजार से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाकर नया इतिहास रच दिया है।
विजय मालाकार ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें विधायक चुना है, वे आने वाले समय में उसी विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और क्षेत्र के विकास व जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से स्वस्थ रहने की प्रार्थना करते हुए कहा कि वे जीवनभर रामकृष्ण नगर की जनता की सेवा करना चाहते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में असम में हुए विकास कार्यों का परिणाम इस चुनाव में स्पष्ट दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर जनता ने इस बार पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता का उल्लेख करते हुए विजय मालाकार ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि में भाजपा सरकार बनने का सपना भी अब साकार हुआ है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में रामकृष्ण नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य आगे भी तेज गति से जारी रहेंगे।


















