फॉलो करें

शिलचर के अमल देव ने रचा प्रेरणा का इतिहास: 15 ऑपरेशन के बावजूद एमबीबीएस में शानदार सफलता

38 Views
शिलचर के अमल देव ने रचा प्रेरणा का इतिहास: 15 ऑपरेशन के बावजूद एमबीबीएस में शानदार सफलता

शारीरिक चुनौतियों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि संघर्ष की ताकत बनाकर शिलचर के अमल देव ने एक ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। जन्मजात गंभीर शारीरिक समस्याओं और लगातार 15 सर्जरी के बावजूद अमल ने हाल ही में एमबीबीएस परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनने का गौरव हासिल किया है।

अमल बचपन से ही कंजेनिटल टैलिपस इक्विनोवेरस (जन्मजात पैर विकृति) और गंभीर वैस्कुलर समस्याओं से पीड़ित रहे हैं। जीवन के शुरुआती दिनों से ही उन्हें बार-बार अस्पताल और ऑपरेशन थिएटर का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि एक समय चिकित्सकों ने उनका पैर काटने तक की सलाह दे दी थी।

बचपन और किशोरावस्था का अधिकांश समय अमल ने असहनीय दर्द, सूजन, बुखार और चलने-फिरने की कठिनाइयों के बीच बिताया। विशेष जूते और नियमित दर्दनाशक दवाओं के सहारे उनका जीवन चलता रहा। एक बार पैर में गंभीर अल्सर होने के कारण उन्हें लगभग दो वर्षों तक घर में ही रहना पड़ा।

इन कठिन परिस्थितियों में उनके पिता अमित रंजन देव, माता राधा देव और बहन तनुजा ने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया। परिवार के इसी अटूट सहयोग ने अमल को कभी हार नहीं मानने दी।

शारीरिक पीड़ा के बीच ही अमल ने डॉक्टर बनने का संकल्प लिया। माध्यमिक परीक्षा से मात्र 10 दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने बिस्तर पर लेटे-लेटे पढ़ाई जारी रखी। बाद में शिलचर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान भी उन्हें चार बार ऑपरेशन से गुजरना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटने दिया।

हाल ही में घोषित एमबीबीएस परीक्षा परिणाम में अमल देव ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।

अपनी सफलता पर अमल देव ने कहा, “यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में दृढ़ विश्वास हो, तो कोई भी कठिनाई इंसान को रोक नहीं सकती।”

अमल देव की यह संघर्षगाथा आज बराक घाटी ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के युवाओं के लिए साहस, धैर्य और आत्मविश्वास की नई मिसाल बन गई है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल