7 Views
बराक घाटी के मेधावी चाय श्रमिक परिवारों के छात्रों को किया जाएगा सम्मानित
बराक घाटी के चाय बागानों से आने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बराक चाय श्रमिक यूनियन एवं बराक वैली टी यूथ वेलफेयर सोसायटी ने इस वर्ष भी सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है।
संस्थाओं की ओर से जारी सूचना के अनुसार, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 में प्रथम श्रेणी (फर्स्ट डिवीजन) से उत्तीर्ण होने वाले चाय समुदाय के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य चाय बागान क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
इस संबंध में बराक घाटी के विभिन्न चाय बागानों के उन सभी छात्रों से अनुरोध किया गया है, जिन्होंने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है, कि वे 16 मई 2026 तक बराक चाय श्रमिक यूनियन कार्यालय में अपने दस्तावेज जमा करें।
जमा किए जाने वाले दस्तावेजों में अंकतालिका (मार्कशीट) की एक प्रति एवं एक पासपोर्ट आकार का फोटो शामिल है। अंकतालिका की प्रति के पीछे विद्यार्थी के माता-पिता का नाम, चाय बागान का नाम, प्राप्त अंकों का प्रतिशत तथा मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा।
बराक चाय श्रमिक यूनियन के सहायक महासचिव बाबुल नारायण कानू ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य चाय समुदाय के छात्रों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है।
वहीं, बराक वैली टी यूथ वेलफेयर सोसायटी के सभापति लालन प्रसाद ग्वाला ने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय पर आवेदन जमा करने की अपील की है।
संपर्क हेतु मोबाइल नंबर:
बाबुल नारायण कानू – 9401133870
लालन प्रसाद ग्वाला – 9435279506


















