21 Views
हाइलाकांदी में पुलिस का जोरदार नशा विरोधी अभियान, हेरोइन सहित एक गिरफ्तार
प्रतिनिधि हाइलाकांदी, १६ मई :
हाइलाकांदी जिले में नशा विरोधी अभियान के तहत जिला पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान में भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई तथा इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस सफल कार्रवाई के बाद जिलेभर में नशा तस्करी के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई का संदेश और स्पष्ट हो गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) समीर दफ्तार बरुआ के नेतृत्व में डीएसपी विद्युत कुमार शइकिया, सदर थाना प्रभारी पॉल लालह्लिमसांग तथा हाइलाकांदी थाना की एक विशेष टीम ने गांगपार धुमकर द्वितीय खंड क्षेत्र में अभियान चलाया। लंबे समय तक निगरानी रखने के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन से भरे ५० वायल बरामद किए गए।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बहादुरपुर द्वितीय खंड गांव निवासी नाजिम उद्दीन मजूमदार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बरामद हेरोइन का कुल वजन लगभग २६.१६ ग्राम है।पुलिस का दावा है कि बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत कई लाख रुपये हो सकती है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हेरोइन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। हालांकि इस गिरोह में और कौन कौन शामिल हैं इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।घटना के बाद गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नशा विरोधी अभियान को और तेज किया जाएगा। जिला पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों में एक के बाद एक मादक पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी से आम लोगों में राहत का माहौल देखा जा रहा है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की भयावहता से बचाने के लिए पुलिस की इस सक्रियता की स्थानीय निवासियों ने सराहना की है।





















