कछार में बड़ी ड्रग्स खेप बरामद, असम राइफल्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार
शिलचर, 24 मई। असम राइफल्स और कछार पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कछार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर 22 मई 2026 को लखीपुर उपमंडल के अंतर्गत फुलरतल क्षेत्र में चलाए गए अभियान में दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की 10,000 WY टैबलेट्स बरामद कीं, जिनका कुल वजन लगभग 1.072 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा दो साबुनदानी में छिपाकर रखी गई 21 ग्राम हेरोइन भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14.7 लाख रुपये आंकी गई है।
सुरक्षा बलों ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन तथा 1,690 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान जेम एल मालसॉम और केन्योजेर हमार के रूप में हुई है, जो मणिपुर के निवासी बताए गए हैं।
बरामद मादक पदार्थों और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए बांसकांडी पुलिस थाना, कछार को सौंप दिया गया है।
असम राइफल्स ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।





















