फॉलो करें

#BIG BREAKING: काठीघोड़ा के निजी स्कूल में दर्दनाक हादसा, केजी-1 के मासूम छात्र की मौत से मचा हड़कंप

46 Views

#BIG BREAKING: काठीघोड़ा के निजी स्कूल में दर्दनाक हादसा, केजी-1 के मासूम छात्र की मौत से मचा हड़कंप

टिफिन के दौरान गले में खाना फंसने की आशंका, शिक्षिकाओं पर लापरवाही के आरोप; CCTV फुटेज को लेकर बढ़ा तनाव
चंद्रशेखर ग्वाला, शिलचर, 7 मई:
कछार जिले के काठीघोड़ा क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थान होली फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक मासूम छात्र की असामान्य मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मृत छात्र की पहचान काठीघोड़ा द्वितीय खंड निवासी हारिस उद्दीन के इकलौते पुत्र साकिबुल आलम (4 वर्ष 10 माह) के रूप में हुई है। वह स्कूल के केजी-1 वर्ग का छात्र था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्कूल में टिफिन के दौरान खाना खाने के बाद अचानक साकिब की तबीयत बिगड़ गई। आशंका जताई जा रही है कि उसके गले में भोजन फंस गया, जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। आरोप है कि उस समय कक्षा में मौजूद शिक्षिकाएं आपसी बातचीत में व्यस्त थीं और बच्चे की गंभीर स्थिति पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, कक्षा के एक छात्र ने दो बार शिक्षिकाओं को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। बताया जा रहा है कि बच्चा काफी देर तक कक्षा में ही तड़पता रहा। बाद में स्थिति बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने आनन-फानन में उसे काठीघोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी विद्यालयों में शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होती, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर सतत निगरानी रखना भी उतना ही आवश्यक है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते बच्चे को प्राथमिक उपचार या अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
घटना को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा जारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल