फॉलो करें

अनुकूल मौसम में सम्पन्न हुआ बराक बार्ता का अंतर-बराक महिला क्रिकेट फाइनल, श्रीभूमि वूमेन्स स्मैशर्स बनी चैंपियन

49 Views

अनुकूल मौसम में सम्पन्न हुआ बराक बार्ता का अंतर-बराक महिला क्रिकेट फाइनल, श्रीभूमि वूमेन्स स्मैशर्स बनी चैंपियन

शिलचर, शनिवार। अनुकूल मौसम और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हिंदी व बंगला समाचार माध्यम बराक बार्ता द्वारा आयोजित अंतर-बराक महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बड़े ही उत्साह और आकर्षण के साथ शिलचर जिला क्रीड़ा संघ मैदान में सम्पन्न हुआ।

फाइनल में श्रीभूमि वूमेन्स स्मैशर्स और हाइलाकांदी वूमेन्स फाइटर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर हाइलाकांदी टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीभूमि टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 89 रन बनाए।

श्रीभूमि की ओर से रीता शर्मा ने 34 गेंदों में 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल थे। उनका अच्छा साथ तनुश्री छेत्री ने दिया, जिन्होंने 39 गेंदों में 21 रन बनाए। टीम के लिए अतिरिक्त के रूप में 26 रन भी महत्वपूर्ण साबित हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाइलाकांदी वूमेन्स फाइटर्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। रेश्मी सिन्हा ने 18 गेंदों में 11 रन और रेजिमा बेगम लस्कर ने 17 गेंदों में 17 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। पूरी टीम 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 61 रन ही बना सकी।

गेंदबाजी में श्रीभूमि की समाद्रिता साहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में मात्र 5 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच की निर्णायक खिलाड़ी बनीं। कल्याणी दास और जैस्मिन डिंग ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

समाद्रिता साहा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और उन्हें ट्रॉफी के साथ 500 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई।

अन्य पुरस्कारों में:

  • बेस्ट फील्डर – ऋतुपर्णा मालाकार (₹500 व ट्रॉफी)
  • बेस्ट कैच – सुप्रिता पुरकायस्थ (बदरपुर वूमेन्स रॉकर्स)
  • बेस्ट विकेटकीपर – रंजिता सिन्हा
  • सर्वाधिक विकेट – दीपिका नायडू
  • प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – दीपिका नायडू (₹1000 व ट्रॉफी)

रनर-अप हाइलाकांदी वूमेन्स फाइटर्स को ट्रॉफी के साथ ₹4000 की नगद राशि प्रदान की गई, जबकि विजेता श्रीभूमि वूमेन्स स्मैशर्स को ₹7000 और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पैरामाउंट इंग्लिश अकैडमी के प्रबंध निदेशक सुधांशु दास, जिला क्रीड़ा संघ के पूर्व अध्यक्ष बाबुल होरराधारानी नाथ, संघ के अध्यक्ष शिवब्रत दत्ता, सचिव देबाशीष सोम, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार तथा आयोजन समिति के संजीव कुमार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विशेष उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के सभी नगद पुरस्कार सुधांशु दास द्वारा प्रायोजित किए गए, जबकि चैंपियन ट्रॉफी शिवब्रत दत्ता ने प्रदान की। खिलाड़ियों की किट स्पॉन्सर स्वर्णाली चौधरी ने की, वहीं अन्य खर्च समाजसेवी उदय शंकर गोस्वामीमहावीर जैन, रोजकांदी टी गार्डन के एडमिन मैनेजर ईश्वरभाई उबाडियादेवज्योति स्वामी और देबाशीष स्वामी द्वारा वहन किया गया।

इस अवसर पर राज्य महिला क्रिकेटर सोना सिन्हा, वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक हीरा नंदीहिरण्मय दास सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने हर वर्ष इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित करने का संकल्प दोहराया। सफल आयोजन के लिए जिला क्रीड़ा संघ के पदाधिकारियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित दर्शकों और खेलप्रेमियों के बीच एक ही स्वर गूंजा—
“अगले वर्ष फिर होगा!”

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल