आईपीएल जुए के खिलाफ शिलचर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार
शिलचर, 11 मई।
आईपीएल जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिलचर सदर पुलिस ने रविवार को दास कॉलोनी और आश्रम रोड इलाके में एक साथ छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस दौरान भारी मात्रा में जुए से संबंधित सामग्री बरामद करने के साथ लगभग 50 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दास कॉलोनी के उदयन कॉम्प्लेक्स रोड क्षेत्र में अभियान चलाकर सुमन राय (42), सुमन राय (48) तथा निताई राय (40) को हिरासत में लिया गया। वहीं आश्रम रोड इलाके से संजय दास को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 5 नोटबुक बरामद कीं, जिनमें आईपीएल सट्टेबाजी के हिसाब-किताब दर्ज थे। इसके अलावा 30,190 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन तथा एक काला बैग भी जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए Om777 ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इसी प्रकार आश्रम रोड में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 2 मोबाइल फोन और 15,100 रुपये नकद बरामद किए।
फिलहाल सभी आरोपियों को शिलचर सदर थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध जुआ नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


















