23 Views
आलगापुर बाजार में भीषण आग पलों में जलकर खाक हुई तीन दुकानें नुकसान करीब एक करोड़ रुपये
प्रीतम दास हाइलाकांदी, २९ अप्रैल:हाइलाकांदी जिले के आलगापुर बाजार में बुधवार तड़के एक भीषण अग्निकांड की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह लगभग ५ बजे बाजार क्षेत्र की मस्जिद के पास स्थित तीन किराना दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही समय में तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाइलाकांदी से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शुरुआती चरण में उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। आग के आसपास फैलने की आशंका से स्थिति और भी गंभीर हो गई।हालात को नियंत्रित करने के लिए बाद में करीमगंज जिले के बदरपुर से एक और दमकल वाहन बुलाया गया। अतिरिक्त दमकल बल के पहुंचने के बाद संयुक्त प्रयासों से लंबे समय की मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।इस अग्निकांड में प्रभावित दुकानों के मालिकों की पहचान बाप्पा पाल, राणा पाल और पन्ना पाल के रूप में हुई है। दुकानों में रखा भारी मात्रा में सामान नकदी और अन्य मूल्यवान वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल नुकसान करीब एक करोड़ रुपये बताया जा रहा है हालांकि वास्तविक नुकसान इससे अधिक भी हो सकता है।घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। प्रभावित व्यवसायियों ने कहा कि वे पलभर में पूरी तरह बर्बाद हो गए और प्रशासन से तत्काल मुआवजा एवं पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय व्यापारियों में भी इस घटना को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है फिर भी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए बाजार क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग भी स्थानीय लोगों ने उठाई है।




















