34 Views
उधारबंद में बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे विधायक राजदीप ग्वाला, राहत एवं जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा
उधारबंद, 16 मई : उधारबंद के नव निर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला ने चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से किए गए वादे को निभाते हुए बाढ़ और जलभराव से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सक्रिय पहल की। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार सुबह मधुरा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए।
उधारबंद कालीबाड़ी रोड, गर्ल्स हाईस्कूल, साइबाग समेत कई क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। स्थिति गंभीर होते देख ग्राम पंचायत सभानेत्री काकली कर ने गुवाहाटी में मौजूद विधायक राजदीप ग्वाला से दूरभाष पर संपर्क कर समस्या से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही विधायक ग्वाला ने संबंधित विभाग के अभियंता तथा उधारबंद खंड विकास अधिकारी साधना कारपी को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और एक्सकेवेटर मशीन लगाकर नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु किया। इससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली।
इसी बीच ठालीग्राम पातीमारा चाय बागान के फुटबॉल मैदान क्षेत्र तथा मैनेजर बंगला कॉलोनी से भी घरों में पानी घुसने की खबर सामने आई। लगभग 80 बाढ़ प्रभावित परिवारों ने प्राथमिक विद्यालयों और चाय बागान अस्पताल में शरण ली। विधायक ग्वाला ने उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य से संपर्क कर तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, महासचिव स्वरूप दत्त, सह अध्यक्ष नयन भील सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने राहत शिविर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
शनिवार को गुवाहाटी से लौटने के बाद विधायक राजदीप ग्वाला स्वयं ठालीग्राम स्थित राहत शिविर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, मंडल सह अध्यक्ष नयन भील, युवा मोर्चा सह अध्यक्ष रिंकू दास, मंडल सचिव अर्णव भट्टाचार्य समेत कई अन्य उपस्थित थे।
इसके बाद विधायक ग्वाला ने गुवाबाड़ी होते हुए लुठातल पुंजी जाने वाले क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही शिलान्यास के बाद रुका हुआ निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा। वहीं अमरनगर और हाथीछड़ा को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल के ध्वस्त एप्रोच रोड का भी निरीक्षण किया। विधायक ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से चर्चा कर जल्द समाधान निकालने का भरोसा स्थानीय लोगों को दिलाया।





















