कछार के बड़खला में बड़ा हादसा: हरांग नदी पर बना पैदल पुल ढहा, हजारों लोग संपर्क से कटे
शिलचर/कछार, 27 अप्रैल:
कछार जिले के बड़खला क्षेत्र में रविवार रात एक गंभीर दुर्घटना सामने आई, जब रंघघर–भांगारपार को जोड़ने वाले हरांग नदी पर निर्मित एक पैदल पुल अचानक ध्वस्त हो गया। घटना के समय पुल पर मौजूद कुछ लोगों ने स्थिति की गंभीरता भांपते हुए तत्काल नदी में छलांग लगा दी और किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित तट पर पहुंचने में सफल रहे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस पुल के गिरने की आशंका को लेकर घटना से करीब 48 घंटे पहले ही विभिन्न समाचार माध्यमों में चेतावनी प्रकाशित की गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पुल लंबे समय से जर्जर अवस्था में था और इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार, वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था के अभाव में लोग मजबूरी में इसी पुल का उपयोग कर रहे थे। हालांकि यह एक पैदल पुल था, फिर भी इसके ऊपर से बाइक और छोटे वाहन भी नियमित रूप से गुजरते थे, जिससे इसकी संरचना और कमजोर होती गई।
पुल के ढह जाने से रंघघर गांव के लगभग पांच हजार लोग पूरी तरह से मुख्य संपर्क से कट गए हैं। इसका सबसे अधिक असर छात्रों और मरीजों पर पड़ा है, क्योंकि नदी के पश्चिमी किनारे पर ही स्कूल, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाएं स्थित हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल अस्थायी आवागमन की व्यवस्था करने और नए पुल के शीघ्र निर्माण की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।




















