24 Views
कटलीछड़ा में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के लापता होने से सनसनी
अपहरण धर्मांतरण के प्रयास और सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने को लेकर बढ़ा तनाव
प्रीतम दास हाइलाकांदी, २० मई:
हाइलाकांदी जिले के कटलीछड़ा क्षेत्र के निष्कर गांव के एक मानसिक रूप से अस्वस्थ हिंदू युवक के पिछले लगभग १५ दिनों से लापता होने की घटना को लेकर पूरे जिले में भारी सनसनी फैल गई है। लापता युवक का नाम निपेश राय बताया गया है। परिवार की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है तथा युवक के अपहरण किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है।परिवार के अनुसार निपेश लंबे समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रहे थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया आधारित एक पेज “सज्जा ब्लॉग्स” से जुड़े कुछ लोग उसे अलगापुर क्षेत्र की एक दुकान पर ले गए थे। वहां उसे मुस्लिम समुदाय के परिधान टोपी, पायजामा और कुर्ता पहनाकर उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाए गए। बाद में उन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिसके बाद इलाके में व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली।इस घटना को लेकर विभिन्न वर्गों में यह प्रश्न उठने लगा है कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक का इस प्रकार उपयोग किस उद्देश्य से किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक की मानसिक स्थिति का लाभ उठाकर उसे सोशल मीडिया प्रचार का माध्यम बनाया गया, जो अत्यंत अमानवीय और निंदनीय है।परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से निपेश का कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार का दावा है कि वह ऐसी स्थिति में नहीं था कि स्वयं घर छोड़कर कहीं चला जाए। इसलिए अपहरण की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।इसी बीच मामले को लेकर धर्मांतरण के प्रयास के आरोप भी सामने आए हैं। कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों ने आरोप लगाया है कि युवक का योजनाबद्ध तरीके से धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था तथा इसके पीछे किसी बड़े गिरोह की भूमिका हो सकती है।बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक विष्णु भट्टाचार्य ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को बहला-फुसलाकर अथवा भ्रमित कर धार्मिक पोशाक पहनाकर वीडियो बनाना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि मामले की शीघ्र जांच कर निपेश को सुरक्षित बरामद किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निपेश किसी अंतरराष्ट्रीय धर्मांतरण गिरोह का शिकार हो सकता है। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। लेकिन घटना को लेकर क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।उधर स्थानीय नागरिक समाज के एक वर्ग ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और युवक के लापता होने के बीच कोई संबंध है या नहीं इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। साथ ही मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति का सोशल मीडिया पर इस प्रकार उपयोग किए जाने की नैतिकता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। लापता युवक की तलाश में विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। हालांकि अब तक निपेश राय का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।





















