फॉलो करें

कैबिनेट मंत्री कृष्णेंदु पाल ने श्रीभूमि में नवनिर्मित गौड़ीय छात्रावास का किया उद्घाटन

50 Views
कैबिनेट मंत्री कृष्णेंदु पाल ने श्रीभूमि में नवनिर्मित गौड़ीय छात्रावास का किया उद्घाटन
श्रीभूमि, 11 मार्च: श्रीभूमि में विश्व हिंदू परिषद द्वारा निर्मित गौड़ीय छात्रावास के नए भवन का आज भव्य उद्घाटन किया गया। असम सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्णेंदु पाल ने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर छात्रावास भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुमार तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंत्री कृष्णेंदु पाल के गौड़ीय मठ परिसर पहुंचने पर परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उद्घाटन के बाद गौड़ीय मठ परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मंचासीन अतिथियों को पारंपरिक दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुमार तिवारी ने कहा कि किसी इमारत के निर्माण के लिए ईंट, बालू और सीमेंट की आवश्यकता होती है, लेकिन एक सच्चे अर्थों में भवन निर्माण के लिए भावना, संकल्प, निष्ठा, त्याग, तपस्या, श्रद्धा और लगन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और चरित्र निर्माण का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद देशभर में 8,000 से अधिक विद्यालय और छात्रावास संचालित कर रहा है और इसी श्रृंखला में श्रीभूमि का यह छात्रावास भी जुड़ गया है।
कैबिनेट मंत्री कृष्णेंदु पाल ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संघ के प्रयासों से समाज और राष्ट्र के विकास को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि समाज और देश के उत्थान के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है और छात्रावास शिक्षा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री ने छात्रावास भवन के निर्माण में सहयोग के लिए असम सरकार का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाय बागान क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक कदम उठा रही है, जिनमें आदर्श विद्यालयों की स्थापना, मजदूरी में वृद्धि, भूमि पट्टा वितरण तथा सड़कों का निर्माण शामिल है।
उन्होंने अतिक्रमण हटाओ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार राज्य के वन क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने आदर्श गांव योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के अंत में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शांतनु नायक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीभूमि जिला सचिव महेश भट्टाचार्य ने किया।
इस अवसर पर उत्तर पूर्वांचल जनजाति सेवा समिति के केंद्रीय सचिव विकास कौशिक सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम में परिषद के क्षेत्रीय धर्म प्रसार प्रमुख पूर्ण चंद मंडल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रणज्योति गोस्वामी, भाजपा के वरिष्ठ नेता मिशन रंजन दास, कृष्ण दास, सुब्रत भट्टाचार्य, शिवव्रत शाहा, समाजसेवी रथिंद्र अध्यापक, नर्मदा चक्रवर्ती तथा परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिलीप देव, रतीश दास, विक्रम सिंह, राहुल पारबोसा और धीरेंद्र पांडेय समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हिमाद्री दास, समीर दास, बिजीत कुमार दास तथा जिले की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल