23 Views
गुरुचरण विश्वविद्यालय में पद्मश्री रघु राय को श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों को दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री
शिलचर, 28 अप्रैल : गुरुचरण विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग की ओर से बुधवार सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय के सभाकक्ष में भारत के महान फोटो पत्रकार एवं पद्मश्री सम्मानित अलोकचित्रकार रघु राय के निधन पर एक श्रद्धांजलि एवं स्मृति सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर निरंजन राय, रजिस्ट्रार डॉ. विद्युत कांती पाल, शैक्षिक रजिस्ट्रार डॉ. अभिजीत नाथ, वित्त अधिकारी रणविजय दास तथा विभागाध्यक्ष डॉ. संदीपा दास शील सहित विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत रघु राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संदीपा दास शील ने कहा कि रघु राय केवल एक फोटोग्राफर नहीं थे, बल्कि उन्होंने अपने कैमरे के माध्यम से भारत के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन की अनेक महत्वपूर्ण तस्वीरों को संवेदनशीलता और गहराई के साथ दुनिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि रघु राय की तस्वीरें केवल दृश्य नहीं थीं, बल्कि बदलते भारत की जीवंत कहानियां थीं। उनका कार्य यह सिखाता है कि फोटोग्राफी केवल देखने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को समझने, महसूस करने और सच को सामने लाने की एक प्रभावशाली कला है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर निरंजन राय ने कहा कि भारतीय फोटोग्राफी के इतिहास में रघु राय का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने कैमरे में इतिहास के अनेक महत्वपूर्ण क्षणों को कैद किया, जिसने देश की सामाजिक चेतना और विकास को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने विद्यार्थियों के समक्ष रघु राय द्वारा खींची गई अकाल, बांग्लादेश मुक्ति युद्ध तथा भोपाल गैस त्रासदी की तस्वीरों का उल्लेख करते हुए उनके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए फिल्म डिवीजन द्वारा निर्मित रघु राय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री “Raghu Rai – Hearing Through The Eyes” का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अत्यंत रुचि के साथ देखा।




















