16 Views
गुरुचरण विश्वविद्यालय में ब्रेकथ्रू पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक डॉ. अतनु नाथ का सम्मान
शिलचर, 30 अप्रैल। गुरुचरण विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से बुधवार सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय सभाकक्ष में वर्ष 2026 के मौलिक भौतिकी के प्रतिष्ठित “ब्रेकथ्रू पुरस्कार” से सम्मानित वैज्ञानिक डॉ. अतनु नाथ के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर निरंजन राय, कुलसचिव डॉ. विद्युत कांती पाल, शैक्षिक कुलसचिव डॉ. अभिजीत नाथ तथा सेंटर ऑफ एडवांस्ड स्टडीज एंड इनोवेशन लैब (CASI Lab) के प्रतिनिधि डॉ. सुरजीत सेन उपस्थित रहे। इसके अलावा भौतिक विज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. मिहिर रंजन नाथ, डॉ. तुषार कांती दे तथा रसायन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. तुषार दे कानुनगो सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के अभिनंदन से हुई। इसके बाद तुहिन मजूमदार और विश्वेश्वर देव ने विश्वविद्यालय गीत प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रोफेसर निरंजन राय ने डॉ. अतनु नाथ को उनकी अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि बराक घाटी जैसे छोटे क्षेत्र से निकलकर विश्वस्तरीय सम्मान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने डॉ. नाथ के संघर्ष, मेहनत और वैज्ञानिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शैक्षिक कुलसचिव डॉ. अभिजीत नाथ ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि डॉ. अतनु नाथ पूर्व गुरुचरण कॉलेज के छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षक के लिए अपने छात्र की ऐसी उपलब्धि अत्यंत गर्व और खुशी का विषय होती है।
डॉ. सुरजीत सेन ने कहा कि छात्र जीवन में डॉ. अतनु नाथ को ब्रेकथ्रू पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक डॉ. अशोक सेन से मिलने का अवसर मिला था, जिससे उन्हें प्रेरणा मिली और आज वे स्वयं उसी प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित हुए हैं।
अपने वक्तव्य में डॉ. अतनु नाथ ने लाला से लेकर गुरुचरण कॉलेज, इटली और फर्मी लैब तक की अपनी शैक्षणिक यात्रा को प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों के सामने रखा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। साथ ही उन्होंने उस वैज्ञानिक प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की, जिसके लिए उन्हें और भारत के 11 अन्य वैज्ञानिकों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुआ। बाद में विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का समापन भौतिक विज्ञान विभाग के शिक्षक दीपांजन भट्टाचार्य के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे समारोह का संचालन अभ्रजीत देवनाथ ने किया।




















