25 Views
घुंघूर में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
132 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
शिव कुमार शिलचर, 24 मई: घुंघूर में रविवार को एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 132 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं उत्तरीय देकर सम्मानित किया गया। समारोह में लगभग 500 अभिभावक, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इसके बाद मेधावी बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दे रहा था। समारोह के दौरान पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक राजकुमार चौहान ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को शिक्षित बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है तो बच्चों को बेहतर शिक्षा देनी होगी, ताकि वे भविष्य में प्रतियोगिताओं में सफल होकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य है कि समाज शिक्षित बने और बच्चे आगे बढ़ें। जब बच्चे आगे बढ़ेंगे तभी समाज और देश आगे बढ़ेगा। जिन बच्चों ने अच्छे अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें सम्मान मिलने से अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे मेहनत कर बेहतर परिणाम हासिल करें।”
राजकुमार चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे घुंघूर कुवारपार गांव की ओर से आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचान मिल सके और अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा की ओर प्रेरित हों।
समारोह में पूर्व ग्राम पंचायत अध्यक्ष कंचन नुनिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “ये बच्चे ही गांव और देश का भविष्य हैं। शिक्षा के क्षेत्र में इनका सम्मान समाज को नई दिशा देगा। बच्चों की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व की बात हैं।”
कार्यक्रम में किशोर कुमार नुनिया, पंचम नुनिया, महावीर नुनिया, जय लाल नुनिया, राजकुमार कुरी, राम नारायण नुनिया, जय राम नुनिया, अंगद नुनिया एवं प्रभु नाथ वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा अभिभावकों के योगदान की सराहना की।
आयोजन समिति के अनुसार सम्मानित विद्यार्थियों में 10वीं पास 72, 12वीं पास 60, स्नातक 22 और स्नातकोत्तर 12 विद्यार्थी शामिल थे। समिति ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य गांव की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकुमार चौहान, जयलाल नुनिया, सुजीत नुनिया, रामबाबू नुनिया, कनाईलाल नुनिया, शिवशंकर नुनिया, विश्वजीत नुनिया, सूरज लाल नुनिया एवं अजय नुनिया ने विशेष परिश्रम किया। ग्रामीणों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।





















