30 Views
बराक घाटी में विद्युत दुर्घटना पीड़ितों को मुआवज़े में भेदभाव का आरोप, मुन्नी छेत्री ने उठाई आवाज
शिलचर, 24 मई। बराक घाटी में विद्युत दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले परिवारों को सरकारी सहायता देने में कथित भेदभाव को लेकर समाजसेवी मुन्नी छेत्री ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने मांग की कि यदि अल्गापुर-काठलिछड़ा विधानसभा क्षेत्र के राजिबुल हक के परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया गया है, तो श्रीभूमि के निवासी दिवंगत मनोतोष दास के परिवार को भी समान राशि की सहायता दी जानी चाहिए।
मुन्नी छेत्री ने कहा कि सरकारी सहायता में किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मनोतोष दास के असहाय परिवार को भी 20 लाख रुपये का मुआवज़ा प्रदान करने की मांग सरकार से की।
उन्होंने आरोप लगाया कि अल्गापुर-काटलीछोड़ा के विधायक जुबायर अनाम अपने क्षेत्र के विद्युत दुर्घटना पीड़ित राजिबुल हक के परिवार को 20 लाख रुपये की सरकारी सहायता दिलाने में सफल रहे, जबकि उत्तर करीमगंज के विधायक जकारिया अहमद पन्ना मनोतोष दास के मामले में पूरी तरह मौन और निष्क्रिय बने हुए हैं।
मुन्नी छेत्री ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर आम जनता के बीच भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह विधायक की विफलता है या फिर मनोतोष दास के परिवार के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार से मामले में समानता और न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है।





















