4 Views
बाढ़ से निपटने के लिए अग्रिम तैयारियों पर जोर
हाइलाकांदी में जिला आयुक्त के नेतृत्व में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित
प्रीतम दास हाइलाकांदी, १३ मई : आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हाइलाकांदी जिला प्रशासन ने अग्रिम तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी उद्देश्य से जिला आयुक्त अभिषेक जैन की अध्यक्षता में बाढ़ तैयारी संबंधी एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों के प्रमुखों तथा संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में जिले की समग्र बाढ़ स्थिति संभावित संवेदनशील क्षेत्रों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से बाढ़ निरोधक उपायों, राहत एवं बचाव कार्यों, आवश्यक खाद्य सामग्री एवं दवाइयों के भंडारण सुरक्षित राहत शिविरों की तैयारी तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।बैठक में बताया गया कि बाढ़ के दौरान आम लोगों की परेशानियों को कम करने के लिए प्रशासन की ओर से पहले ही व्यापक योजना तैयार की गई है। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ साथ आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।जिला आयुक्त अभिषेक जैन ने सभी संबंधित विभागों को हर समय सतर्क एवं तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन के सभी विभागों के बीच समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान भी किया।प्रशासन की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को तुरंत शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री और आधारभूत सुविधाएं तैयार रखी गई हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


















