बैंक में जमा मेहनत की कमाई पर साइबर ठगों का हमला, खाते से उड़ाए 64,499 रुपये
शिलचर, 29 अप्रैल:
शिलचर में एक बार फिर साइबर अपराध का मामला सामने आया है, जहां बैंक में जमा मेहनत की कमाई साइबर ठगों ने उड़ा ली। पीड़ित अब्दुल करीम लस्कर, जो पेशे से चालक हैं, शिलचर थाना अंतर्गत रंगपुर पार्ट-2 के निवासी हैं। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने किसी के साथ न तो ओटीपी साझा किया, न पिन, पासवर्ड या कोई गोपनीय बैंकिंग जानकारी, फिर भी उनके खाते से 64,499 रुपये गायब हो गए।
इस संबंध में अब्दुल करीम लस्कर ने कछार साइबर क्राइम शाखा के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, उनके एचडीएफसी बैंक खाते संख्या 106310000028499 से 26 अप्रैल को धोखाधड़ी के जरिए कई किश्तों में रकम निकाली गई। खाते से तीन बार 20-20 हजार रुपये, एक बार 2,999 रुपये और एक बार 1,500 रुपये डेबिट किए गए। कुल मिलाकर 64,499 रुपये की ठगी हुई।
मीडिया से बातचीत में अब्दुल करीम ने बताया कि घटना वाले दिन उनके मोबाइल पर दो कॉल आए थे। एक सामान्य वॉयस कॉल था, जबकि दूसरा व्हाट्सऐप कॉल। कॉल करने वालों ने फास्टैग रिचार्ज कराने की बात कही। उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें किसी रिचार्ज की आवश्यकता नहीं है और तुरंत फोन काटकर मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। बाद में जब बैंक खाते की जांच की गई तो पता चला कि यूपीआई के माध्यम से अवैध लेनदेन कर रकम निकाल ली गई।
पीड़ित को संदेह है कि 9242472976 और 7778870211 नंबर से संपर्क करने वाले अज्ञात लोगों ने किसी तरह उनके बैंक खाते को हैक कर ठगी को अंजाम दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित को जांच कर आवश्यक कदम उठाने तथा दस दिनों के भीतर राशि बरामद करने का आश्वासन दिया है।




















