शिलचर के दास कॉलोनी में दुस्साहसिक चोरी, घर का दरवाजा तोड़कर लाखों की लूट की आशंका
शिलचर, 29 अप्रैल : शिलचर शहर के दास कॉलोनी इलाके में मंगलवार रात एक दुस्साहसिक चोरी की घटना सामने आई है। क्वालिटी ग्राफिक्स के स्वामी पिनाकी दास एवं उनकी पत्नी, सृष्टि नृत्य अकादमी की अध्यक्षा मौमिता विश्वास के घर में चोरों ने धावा बोलकर जमकर लूटपाट की।
बुधवार सुबह प्रेस के कर्मचारी रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे की ग्रिल अंदर से बंद है। स्थिति संदिग्ध लगने पर जब वे ऊपर गए तो घर का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था तथा गोदरेज अलमारी को तोड़ दिया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने तुरंत मौमिता विश्वास को फोन कर पूरे मामले की सूचना दी और घर के अंदर की वीडियो बनाकर भेजी। इसके बाद रांगीरखाड़ी थाना पुलिस को सूचित किया गया। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि घर के मालिक पिनाकी दास और मौमिता विश्वास फिलहाल गया घूमने गए हुए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरों ने कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ किया हो सकता है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितनी संपत्ति चोरी हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के पीछे शामिल आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।




















