18 Views
शिलचर में नुक्कड़ नाटक के जरिए ‘भिक्षुक मुक्त भारत अभियान’ का प्रचार
शिलचर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘भिक्षुक मुक्त भारत अभियान’ को सफल बनाने के उद्देश्य से शिलचर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘बराक वैली वेलफेयर डेवलपमेंट सोसाइटी’ द्वारा ‘स्माइल’ परियोजना के अंतर्गत शिलचर रेलवे स्टेशन परिसर में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
मिनिस्ट्री ऑफ सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट, भारत सरकार के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर जीवन यापन कर रहे भिक्षुकों को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। लगभग 15 मिनट के इस नुक्कड़ नाटक में भिक्षावृत्ति के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए लोगों को वैकल्पिक आजीविका अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इससे पहले शहर के पांच अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार के कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिन्हें आम लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
सोसाइटी की ओर से जानकारी दी गई कि पिछले एक महीने में सौ से अधिक भिक्षुकों का विस्तृत सर्वेक्षण किया गया है। उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन कर पुनर्वास की योजना तैयार की गई है। रामनगर में आश्रय गृह (शेल्टर होम) की व्यवस्था की गई है, जहां जरूरतमंदों को रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ, रोजगार के अवसर, कौशल विकास प्रशिक्षण, चिकित्सा सहायता, काउंसलिंग, शिक्षा और आजीविका सृजन जैसे विभिन्न माध्यमों से उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
संस्था के सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि इस पहल से भिक्षुक सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने में सक्षम होंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहयोग करने और सरकार की इस जनहितकारी योजना को सफल बनाने की अपील की।


















