शिलचर रेलवे स्टेशन के पास 25 लाख रुपये की संदिग्ध हेरोइन बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार
शिलचर, 11 मई।
शिलचर रेलवे स्टेशन के 2 नंबर गेट के समीप अन्नपूर्णा पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात पुलिस ने मादक पदार्थ विरोधी विशेष अभियान चलाकर एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 52 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रात करीब साढ़े 10 बजे अभियान शुरू किया। सूचना थी कि एक मादक पदार्थ तस्कर शिलचर-रंगिया ट्रेन से यात्रा करने की कोशिश कर रहा है। इसी आधार पर रेलवे स्टेशन के 2 नंबर गेट के निकट अन्नपूर्णा पेट्रोल पंप इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वक्तार उद्दीन लस्कर (45) निवासी चामुआईघाट, थाना धोलाई तथा रंजना बेगम लस्कर (40), पत्नी स्वर्गीय जयनुल मियां लस्कर, निवासी श्यामाचरणपुर, थाना धोलाई के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के पास से पांच साबुन के डिब्बे बरामद किए गए, जिनके भीतर छिपाकर रखी गई संदिग्ध हेरोइन मिली। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 52 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को जब्त सामग्री सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए शिलचर सदर थाना ले जाया है। मामले की जांच जारी है।


















