1 Views
हाइलाकांदी सिविल अस्पताल में अज्ञात व्यक्ति का शव, परिजनों की पहचान के लिए मानवीय अपील
प्रीतम दास हाइलाकांदी १३ मई :
हाइलाकांडी सिविल अस्पताल में वर्तमान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव रखा हुआ है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई प्रयासों के बावजूद अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में मानवीय चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों का पता लगाने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है।
जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने उक्त व्यक्ति को बीमार अवस्था में ले आकर कर हाइलाकांडी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ने के कारण उपचार के दौरान ही गत १२ मई को उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद अस्पताल प्रशासन ने उनकी पहचान स्थापित करने का प्रयास किया किन्तु अब तक मृतक के नाम पते अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।मृतक की अनुमानित आयु लगभग ५० वर्ष बताई जा रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ थे। हालांकि वह किस स्थान के निवासी थे अथवा किस प्रकार इस क्षेत्र में पहुंचे इस संबंध में अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।इधर मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय लोगों से विशेष अपील की है। यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो अथवा उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी रखता हो तो तत्काल हाइलाकांदी सिविल अस्पताल से संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।मानवीय दृष्टिकोण से प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन ने आम लोगों से यह भी अपील की है कि इस समाचार को सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक साझा किया जाए ताकि यह सूचना मृतक के परिजनों तक पहुंच सके। इससे परिजन अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी एवं धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे।


















