99,401 वोटों के विशाल अंतर से जीते कौशिक राय
कछार की 7 में से 6 सीटों पर भाजपा का कब्जा, सोनाई में कांग्रेस को मिली जीत
शिलचर, 4 मई (रानू दत्ता):
2026 के असम विधानसभा चुनाव में कछार जिले में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सात में से छह विधानसभा सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवारों ने अधिकांश सीटों पर 36 हजार से लेकर लगभग एक लाख वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल कर जिले की राजनीति में नया संदेश दिया है। वहीं, कांग्रेस केवल सोनाई विधानसभा सीट बचाने में सफल रही।
सबसे बड़ी जीत 114 नंबर लखीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार एवं मंत्री कौशिक राय ने दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शांति कुमार सिंह को 99,401 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। कौशिक राय को कुल 1,25,302 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 25,901 वोट प्राप्त हुए। यह अंतर काछार जिले की सबसे बड़ी जीतों में शामिल रहा।
जीत के बाद कौशिक राय ने कहा कि यह विजय असम की जनता के भाजपा और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने लखीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा जनता के साथ और जनता के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत को इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय दिया।
इधर, 118 नंबर शिलचर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजदीप राय ने कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत पाल को 53,997 वोटों के अंतर से हराया। डॉ. राय को 1,10,758 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 56,761 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनता की सामूहिक शक्ति की जीत बताया।
117 नंबर बड़खोला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी किशोरनाथ ने कांग्रेस के डॉ. अमित कलवार को 36,613 वोटों से पराजित किया। किशोरनाथ को 1,02,775 वोट, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 66,162 वोट मिले। उन्होंने इस जीत को बड़खोला की जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।
115 नंबर उधारबंद सीट से भाजपा उम्मीदवार राजदीप ग्वाला ने कांग्रेस प्रत्याशी अजीत सिंह को 55,464 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। राजदीप ग्वाला को 1,03,331 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 47,867 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने जनता के विश्वास और समर्थन के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया।
120 नंबर धोलाई विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अमिय कांती दास ने कांग्रेस के ध्रुवज्योति पुरकायस्थ को 44,462 वोटों से पराजित किया। अमिय कांती दास को 1,00,634 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 56,172 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने इस जीत को धोलाई की जनता की जीत बताया।
वहीं, 116 नंबर काठीघोड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कमलाक्ष दे पुरकायस्थ ने कांग्रेस उम्मीदवार अमर चंद जैन को 37,680 वोटों के बड़े अंतर से हराया। कमलाक्ष दे पुरकायस्थ को 1,05,595 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 67,216 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने इस जीत को क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा की जीत बताया।
दूसरी ओर, काछार जिले की एकमात्र सीट 119 नंबर सोनाई विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के खाते में गई। कांग्रेस उम्मीदवार अमीनुल हक लस्कर ने एजीपी प्रत्याशी करीमउद्दीन बड़भुइयां को 27,170 वोटों से पराजित किया। अमीनुल हक लस्कर को 89,957 वोट मिले, जबकि एजीपी उम्मीदवार को 62,787 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सोनाई को विकास की नई दिशा दी जाएगी।
काछार जिले में भाजपा की इस व्यापक जीत को बराक घाटी में पार्टी की मजबूत पकड़ और जनता के विश्वास का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।


















